सागर। पवित्र श्रावण मास के सोमवार के अवसर पर भगत सिंह युवा शक्ति संगठन, सागर द्वारा सिविल लाइन स्थित भक्ति धाम मंदिर प्रांगण से भगवान भोले बाबा की भव्य शाही पालकी यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण के बीच निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं युवा साथियों ने सहभागिता की।
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने शाही पालकी यात्रा में सम्मिलित होकर भगवान भोले बाबा की आरती एवं विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण को शिवमय बना दिया। विधायक जैन ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का पवित्र पर्व है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से हमारी सनातन परंपराएं और संस्कार मजबूत होते हैं तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं आपसी सद्भाव का वातावरण निर्मित होता है। उन्होंने आयोजन के लिए भगत सिंह युवा शक्ति संगठन के सभी सदस्यों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
शाही पालकी यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, अनिल तिवारी, रीतेश तिवारी, संयोजक अमन गौतम सहित बड़ी संख्या में युवा साथी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भगवान भोले बाबा की पालकी के दर्शन एवं पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने भगवान भोलेनाथ से सागर सहित प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
एक टिप्पणी भेजें