सागर। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण पद्माकर नगर मकरोनिया स्थित कार्यालय में राष्ट्रगान के पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा जी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने संविधान, लोकतंत्र तथा देश की एकता और अखंडता की रक्षा के प्रति कांग्रेस की अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।
जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के मीडिया प्रभारी अभिषेक गौर ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भूपेंद्र सिंह मुहासा ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले करोड़ों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी हमें अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से मिली है। कांग्रेस की विचारधारा हमें लोकतंत्र, संविधान, समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के मूल्यों के साथ देश के बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देती है।
श्री मुहासा ने कहा कि आज देश के सामने युवाओं के रोजगार, शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य की सबसे बड़ी चुनौती है। राहुल गांधी जी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं के रोजगार और शिक्षा की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। देश को विश्व में नंबर वन बनाने के इस अभियान में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत और अपने खून की अंतिम बूंद तक सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की व्यवस्था में भ्रष्टाचार कण-कण में समा चुका है। जनता के अधिकारों और सरकारी योजनाओं पर भ्रष्टाचार का साया है। कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई को और तेज करेंगे तथा मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे। श्री मुहासा ने शिक्षा के अधिकार और युवाओं के भविष्य को लेकर कहा कि मध्य प्रदेश के हर परिवार के बच्चे को केजी से पीजी तक मुफ्त, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी अनिवार्य शिक्षा मिलनी चाहिए। कांग्रेस इस दिशा में संघर्ष करेगी और संकल्प लेती है कि मध्य प्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य बने, जहां किसी बच्चे की शिक्षा उसके परिवार की आर्थिक स्थिति पर निर्भर न हो। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल को भाजपा नेताओं द्वारा गंगाजल से धोने अथवा हवन कर ‘शुद्ध’ करने के कथित कृत्य की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह केवल श्री खड़गे जी का अपमान नहीं है, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज तथा देश के करोड़ों आम नागरिकों का अपमान है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से मांग की कि इस कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
श्री मुहासा ने दतिया, विजयपुर और बुधनी की जनता का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के कथित भ्रष्टाचार, आतंक और वादाखिलाफी के खिलाफ जनता ने कांग्रेस पर जो विश्वास जताया है, कांग्रेस उस विश्वास को कभी टूटने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के जिस भी हिस्से में जनता को आवश्यकता होगी, कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता तन-मन-धन से उनके हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।
वरिष्ठों के अनुभव का लाभ लेते हुए युवाओं को तरजीह दी कि वरिष्ठों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करते हुए कांग्रेस पार्टी संगठन के सशक्तिकरण के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संकल्प लिया कि संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती, युवाओं के रोजगार, बच्चों की शिक्षा, किसानों के अधिकार और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में ध्वज रक्षक के रूप में मनोज पवार ने भूमिका अदा की। कार्यक्रम का संचालन सेवादल के मुख्य संगठक एड बी डी पटेल ने किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के संदेश का वाचन ब्लॉक कांग्रेस मकरोनिया के अध्यक्ष देवेंद्र कर्मी ने किया।

एक टिप्पणी भेजें