सागर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के भूत पूर्व अध्यक्ष आजाद हिंद फौज के संस्थापक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण कार्यालय पद्माकर नगर मकरोनिया में पुण्य स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा की नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उनको कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रहे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी नेता थे। उनका मुख्य उद्देश्य भारत को ब्रिटिश शासन से पूर्ण स्वतंत्रता दिलाना था।उन्होंने आजाद हिंद फौज का नेतृत्व किया और भारतीय सैनिकों को अंग्रेजों के विरुद्ध संगठित किया एवं 1943 में उन्होंने आजाद हिंद की अस्थायी सरकार की घोषणा की।
जिला संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी ने कहा कि नेताजी ने स्वतंत्रता आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई और आजाद हिंद फौज के माध्यम से सशस्त्र संघर्ष को मजबूत किया। उनके साहस, नेतृत्व और देशभक्ति ने लाखों भारतीयों को प्रेरित किया।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋचा सिंह ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी को नेताजी ने हमेशा महत्त्व दिया। INA में रानी झाँसी रेजिमेंट का गठन किया। जिसका नेतृत्व कैप्टन लक्ष्मी सहगल ने किया। जिला उपाध्यक्ष अभिषेक गौर ने कहा कि सशस्त्र संघर्ष का समर्थन देते हुए सुभाष चंद बोस मानते थे कि अंग्रेजों को भारत से बाहर निकालने के लिए केवल अहिंसक आंदोलन ही नहीं, बल्कि सशस्त्र संघर्ष भी आवश्यक हो सकता है। जिला उपाध्यक्ष जतिन चौकसे ने कहा कि नेता जी ने विदेशों से समर्थन जुटाया। उन्होंने जर्मनी और जापान सहित अन्य देशों से सहायता लेकर ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करने का प्रयास किया। अ .जा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ हेमंत लारिया ने कहा कि तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा नारे के साथ इस आह्वान से उन्होंने युवाओं में देशभक्ति और स्वतंत्रता के लिए त्याग की भावना जगाई।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कार्यालय प्रभारी मनोज पवार, मकरोनिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र कुर्मी, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव सीमा कमल चौधरी, जिला कांग्रेस के सचिव मनोज राय,कमल चौधरी,पप्पू सेन, भरत सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें