विधायक प्रदीप लारिया ने एमपीईबी अधिकारियों के साथ ली विधानसभा क्षेत्र की विद्युत समस्याओं की समीक्षा बैठक


सागर
। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने मकरोनिया स्थित एमपीईबी के बैठक कक्ष में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ नरयावली विधानसभा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था एवं लंबित समस्याओं को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने, उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा प्रस्तावित विद्युत अधोसंरचना के कार्यों की प्रगति पर बिंदुवार चर्चा की गई।

बैठक में नरयावली विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रस्तावित 132/33 केवी नवीन विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति के संबंध में विभागीय कार्यवाही एवं अब तक हुई प्रगति को विधायक लारिया ने प्रमुखता से लिया। उन्होंने अधिकारियों से नवीन उपकेंद्र की स्वीकृति प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक विभागीय कार्रवाई को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती विद्युत आवश्यकता को देखते हुए 132/33 केवी नवीन उपकेंद्र की स्थापना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा भविष्य में बढ़ते लोड के अनुरूप क्षेत्र को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

विधायक लारिया ने कहा कि विद्युत अधोसंरचना का मजबूत होना क्षेत्र के विकास की बुनियादी आवश्यकता है। इसलिए जहां नई अधोसंरचना की आवश्यकता है, वहां प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए और जिन कार्यों में विभागीय स्तर पर प्रक्रिया लंबित है, उन्हें समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।

बैठक में मकरोनिया नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-1 रानी दुर्गावती वार्ड में ग्रामीण फीडर से जुड़ी विद्युत व्यवस्था को नगर फीडर से जोड़ने, नगर परिषद कर्रापुर परिसर में एयरटेल कंपनी द्वारा स्थापित ट्रांसफार्मर के कारण प्रभावित हो रहे दुकानों के निर्माण कार्य को अन्यत्र स्थानांतरित करने, कर्रापुर की विद्युत आपूर्ति एवं अधोसंरचना को बेहतर बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

इसी क्रम में ग्राम चांदामऊ में कृषि उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने, ग्राम रजौआ एवं बदौना में बार-बार बिजली कटौती की समस्या, ग्राम हनौता परीक्षित भालेरा टोला में निवासरत 20 से 25 परिवारों को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा ग्राम हनौता परीक्षित में आदिवासी किसानों के स्थायी कनेक्शन पर विद्युत पोल उपलब्ध कराने जैसे विषय भी बैठक में रखे गए।

ग्राम मोठी के अनु.जा. मोहल्ले की केबिल बदलने तथा पुराने टोल नाका फोरलेन के पास रामा पटेल के मकान के समीप डीपी स्थापित करने की मांग सहित जरारा,पाटन,लोटना,लोटनी, बेरखेड़ी गोपाल ग्रामों को समयबद्ध लाइट न मिलने पर भी अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई के संबंध में चर्चा की गई।

विधायक लारिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़ी विद्युत समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा मैदानी स्तर पर आवश्यक निरीक्षण कर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

बैठक में मुख्य अभियंता देवतराम यमदे, अधीक्षण अभियंता श्रीमती चंद्ररेखा प्रभाकर, कार्यपालन अभियंता सागर प्रदीप कुमार साहू,बंडा मरकाम, खुरई मोहन सुलया, विकास कुमार मिश्रा, आर.के.अरजरिया, निखिल गुप्ता, विजय पटेल, पार्षद जितेंद्र सिंह और प्रशांत अहिरवार सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने