सागर। रानगिर वाली माता के पावन दरबार में गुरुवार को युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया और मां रानगिर का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने बिलहरा दीवान परिवार द्वारा आयोजित श्रीराम कथा में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की तथा कथा मंच से धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
आकाश सिंह राजपूत ने रानगिर माता मंदिर प्रांगण में चल रहे प्रसादी भोज में भी सहभागिता की और श्रद्धालुओं के साथ प्रसादी ग्रहण की। उनके साथ युवा शक्ति संगठन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्रीराम कथा के मंच से अपने उद्बोधन में आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि मां रानगिर और मां हरसिद्धि की कृपा हम सभी पर बनी रहे। मां के दरबार में आने वाला प्रत्येक भक्त अपने मन में श्रद्धा और विश्वास लेकर आता है। मेरी मां से यही प्रार्थना है कि क्षेत्र के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। किसी के जीवन में कोई कष्ट हो तो मां उसे दूर करें और हर युवा को आगे बढ़ने, समाज और राष्ट्र की सेवा करने की शक्ति प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल कथा नहीं, बल्कि हमारे जीवन को सत्य, धर्म, मर्यादा और संस्कारों की राह दिखाने वाली प्रेरणा है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर हम एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े तथा समाजहित में सकारात्मक भूमिका निभाए।
आकाश सिंह राजपूत ने बिलहरा दीवान परिवार द्वारा आयोजित श्रीराम कथा के लिए परिवार एवं आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भक्ति, संस्कार, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान युवा शक्ति संगठन के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। रानगिर माता के जयकारों और श्रीराम नाम के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

एक टिप्पणी भेजें