सागर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने तथा वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति अनुशासन बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन चेकिंग एवं रात्रि गश्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने, हूटर के अनधिकृत उपयोग, वाहनों में काली फिल्म तथा नंबर प्लेट पर नियम विरुद्ध नाम/शब्द लिखने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान की प्रमुख कार्रवाई
74 वाहन चालकों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 74 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। चालानी कार्रवाई के माध्यम से कुल ₹37,800 समन शुल्क वसूल किया गया।
ड्रंक एंड ड्राइव के 09 मामलों में कार्रवाई
शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 09 वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इनमें यातायात थाना द्वारा 02, गौरझामर थाना द्वारा 02 तथा कोतवाली, मोतीनगर, सिविल लाइन, खुरई एवं बरायठा थाना द्वारा 01-01 कार्रवाई शामिल है।
हूटर, काली फिल्म एवं नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पर सख्ती
चेकिंग अभियान के दौरान वाहनों में अनधिकृत रूप से लगाए गए हूटर, नियम विरुद्ध काली फिल्म तथा नंबर प्लेट पर निर्धारित प्रारूप के विपरीत नाम, पद, उपाधि अथवा अन्य आपत्तिजनक/अनधिकृत शब्द लिखे पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
ऐसे वाहनों से अनधिकृत हूटर एवं काली फिल्म हटाई गई तथा नंबर प्लेट को निर्धारित नियमों के अनुरूप कराया गया। सागर पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि सड़क पर वाहन चलाते समय निर्धारित नंबर प्लेट एवं वाहन संबंधी नियमों का पालन अनिवार्य है।
यातायात पुलिस की प्रभावी कार्रवाई
विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात उप पुलिस अधीक्षक मयंक चौहान के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा अकेले 43 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए ₹24,000 समन शुल्क वसूल किया गया। यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर लगातार निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
बॉडी वॉर्न कैमरों से पारदर्शी चेकिंग
सागर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरों (Body Worn Cameras) का उपयोग किया गया। इससे चेकिंग कार्रवाई को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिली तथा पुलिसकर्मियों एवं वाहन चालकों दोनों के हितों को सुरक्षित रखने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया गया।
रात्रि गश्त से पहले पुलिस बल की ब्रीफिंग
रात्रि गश्त एवं चेकिंग के लिए रवाना होने से पूर्व संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। गश्त एवं चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई तथा कार्रवाई से संबंधित फोटो पुलिस ग्रुप में साझा किए गए।
सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन को लेकर सागर पुलिस की सख्ती जारी
सागर पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित चेकिंग, रात्रि गश्त एवं प्रभावी निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
सागर पुलिस की वाहन चालकों से अपील
सागर पुलिस आमजन एवं सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहनों में अनधिकृत हूटर अथवा काली फिल्म का उपयोग न करें तथा नंबर प्लेट को निर्धारित नियमों के अनुरूप ही रखें।
सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी बड़े हादसे को रोक सकती है। सागर पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए चेकिंग, गश्त एवं जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें