बड़ी नदी पर स्वच्छता व पौधा रोपण चकराघाट से जल एकत्र कर वाराणसी की ओर रवाना हुई जल, जन सेवा यात्रा


सागर
। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक निकली जल, जन सेवा संकल्प यात्रा (रूट क्रमांक-03) ने सागर में रात्रि विश्राम के बाद रविवार को सेवा और जनभागीदारी के नए संकल्प के साथ अगले चरण की शुरुआत की। लेहदरा नाका स्थित बड़ी नदी के घाट पर स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और सफाई मित्रों के सम्मान से शुरू हुआ यात्रा का दिन शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ चकराघाट, पंडित दीनदयाल चौक, गोपालगंज और मकरोनिया होते हुए वाराणसी की आगे बढ़ा।
राज्यसभा सांसद मुकेश भाई राथवा, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी और यात्रा में शामिल युवाओं के साथ भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी नदी के घाट पर श्रमदान कर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। घाट परिसर की सफाई के साथ पौधारोपण किया गया और सफाई मित्रों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर द्वितीय दिवस की यात्रा प्रारम्भ होकर मोतीनगर चौरहा पहुंची जहां मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, सेवा संकल्प टोली जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया, मंडल अध्यक्ष अमित बैसाखिया, नीलम अहिरवार, कार्यक्रम प्रभारी यश अग्रवाल के साथ पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्त्ता व आम जनों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।

सेवा केवल किसी अभियान की गतिविधि नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली भारतीय जीवन परंपरा है- श्याम तिवारी


मोतीनगर चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि सेवा केवल किसी अभियान की गतिविधि नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली भारतीय जीवन परंपरा है। जनसेवा से लोकसेवा और लोकसेवा से राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में उतारना ही इस अभियान की सार्थकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, रक्तदान, योग और स्वदेशी जैसे सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण हमेशा बड़े कार्यों से ही नहीं होता; किसी एक व्यक्ति को स्वच्छता के लिए प्रेरित करना, किसी जरूरतमंद की सहायता करना या पर्यावरण के लिए एक पौधा लगाना भी उसी बड़ी यात्रा का हिस्सा है।

यह यात्रा केवल सड़कों पर चलने वाला कारवां नहीं, बल्कि सेवा के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है- शैलेंद्र जैन

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि हजारों किलोमीटर की यह यात्रा केवल सड़कों पर चलने वाला कारवां नहीं, बल्कि सेवा के विचार को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े सेवा-संकल्प की प्रेरणा लेकर युवाओं का इस प्रकार आगे आना नई पीढ़ी की सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि किसी भी शहर का विकास केवल योजनाओं और संसाधनों से नहीं, बल्कि नागरिकों की भागीदारी से पूर्ण होता है। स्वच्छता, पर्यावरण और जनसेवा के कार्य तभी स्थायी परिणाम देते हैं, जब समाज स्वयं उन्हें अपना अभियान बना ले।

सागर की धरती शौर्य, पराक्रम, राष्ट्रप्रेम और समाजसेवा की गौरवशाली परंपरा की भूमि है- मुकेश भाई राथवा

राज्यसभा सांसद मुकेश भाई राथवा ने बुंदेलखंड की धरती को नमन करते हुए रानी लक्ष्मीबाई और महाराजा छत्रसाल के शौर्य का स्मरण किया। उन्होंने शिक्षाविद डॉ. हरिसिंह गौर और राजमाता विजयाराजे सिंधिया के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सागर की धरती शौर्य, पराक्रम, राष्ट्रप्रेम और समाजसेवा की गौरवशाली परंपरा की भूमि है। उन्होंने कहा कि युवा साथी पिछले 20 दिनों से सेवा का संदेश लेकर यात्रा कर रहे हैं। इसका उद्देश्य केवल दूरी तय करना नहीं, बल्कि गांव-गांव और शहर-शहर सेवा, स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत, युवा शक्ति और विकसित भारत के विचार को पहुंचाना है। राथवा ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए जनधन, उज्ज्वला और आवास जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ लेने वाला वर्ग नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सहभागी के रूप में देखना आवश्यक है। उन्होंने विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को सामूहिक नागरिक जिम्मेदारी बताया।

सेवा के संकल्प को केवल आयोजन तक सीमित रखने के बजाय उसे जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी है - गोविंद सिंह राजपूत

कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ऊर्जा है। सेवा के संकल्प को केवल आयोजन तक सीमित रखने के बजाय उसे जनभागीदारी से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जागरूकता और संवाद आवश्यक है। युवाओं को चाहिए कि वे समाज के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी साझा करें और लोगों के अनुभव व अपेक्षाओं को भी सामने लाएं।
उन्होंने कहा कि आने वाले भारत की तस्वीर आज की युवा पीढ़ी के कर्म और संकल्प से बनेगी। सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण और जनभागीदारी जैसे विषयों को जीवन का हिस्सा बनाकर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर  मोतीनगर चौराहे से यात्रा बड़ा बाजार और सराफा होते हुए  चकराघाट पहुंची। यहां यमुना ताई मंडल अध्यक्ष मेघा दुबे के साथ पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
चकराघाट पर पहुंचकर पवित्र जल को कलश में एकत्र किया गया, इसके बाद कॉरिडोर होते हुए यात्रा पंडित दीनदयाल चौक पहुंची, जहां मंडल अध्यक्ष नीरज यादव के नेतृत्व में स्वागत किया गया। सभी नेताओं और यात्रियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। जहाँ से यात्रा गोपालगंज, झंडा चौक होते हुए अमर शहीद कालीचरण जी की प्रतिमा पर पहुंची। यहां भी माल्यार्पण कर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सिविल लाइन और कठवा पुल होते हुए यात्रा मकरोनिया चौराहा पहुंची, जहां नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।

दोपहिया वाहनों पर सवार होकर नेतृत्व करते रहे विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष

पूरे यात्रा मार्ग में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी यात्रियों के साथ दोपहिया वाहनों पर सवार होकर यात्रा का नेतृत्व करते नजर आए। महापौर संगीता तिवारी, पार्षदो, नागरिकों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जगह जगह यात्रियों का स्वागत किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

यात्रा में अनुशासन बना जनचर्चा का केंद्र

जल, जन सेवा संकल्प यात्रा में सेवा और जनभागीदारी के साथ अनुशासन की तस्वीर भी लोगों का ध्यान खींचती रही। मोतीनगर चौराहे पर आयोजित मंचीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यात्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। इसके बावजूद कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रही। यात्रियों और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान बनाए रखा, जिससे आम नागरिकों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि यात्रा में जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

Post a Comment

और नया पुराने