शासकीय उचित मूल्य दुकान में अनियमितता करने वाले दो आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ स्थायी वारंटी भी गिरफ्तार


सागर
। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की धरपकड़ तथा अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना मोतीनगर पुलिस को एक ही अवधि में दो महत्वपूर्ण सफलताएं प्राप्त हुई हैं।

शासकीय उचित मूल्य दुकान में अनियमितता करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

दिनांक 02.09.2026 को फरियादी चारू जैन पिता अजय कुमार जैन, निवासी रहली द्वारा शास्त्री वार्ड में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता रमा पति अतुल तिवारी एवं सहायक विक्रेता अनुरोध तिवारी के विरुद्ध वितरण एवं स्टॉक संधारण में अनियमितता किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया।
शिकायत की जांच एवं मौके की कार्रवाई उपरांत प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना मोतीनगर में धारा 316(4), 318(4), 3(5) बीएनएस एवं धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त कर पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रमा पति अतुल तिवारी, उम्र 50 वर्ष, निवासी मंगलधाम कॉलोनी, अंबेडकर वार्ड, मोतीनगर, सागर।अनुरोध तिवारी पिता अतुल तिवारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी मंगलधाम कॉलोनी, अंबेडकर वार्ड, मोतीनगर, सागर शामिल है।

वर्ष 2021 से जारी स्थायी वारंटी गिरफ्तार

इसी क्रम में दिनांक 03.09.2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना मोतीनगर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि न्यायालय द्वारा वर्ष 2021 में जारी स्थायी वारंटी थाना क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थायी वारंटी राजेश पिता मुन्नालाल अहिरवार, उम्र 42 वर्ष, निवासी अमावनी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तथा विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई। आरोपी को दिनांक 03.09.2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर उसे जेल दाखिल किया गया।
उक्त दोनों कार्रवाइयों में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

और नया पुराने