सागर। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया द्वारा बीना रिफाइनरी की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान रिफाइनरी के वरिष्ठ अधिकारियों, सुरक्षा अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं सतर्क बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान एसडीओपी बीना अजय सनकत, एस डी ओ पी खुरई सुश्री काजल सिंह, भापुसे थाना प्रभारी आगासौद श्रीमती अनुपमा शर्मा, एसआईएसएफ के अधिकारी तथा रिफाइनरी के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा एवं CCTV निगरानी तंत्र का निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने रिफाइनरी के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रिफाइनरी के CCTV कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान रिफाइनरी के अधिकारियों, एस आई एस एफ के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था को निरंतर मजबूत बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
रिफाइनरी के बाहरी क्षेत्र में सतत निगरानी के निर्देश
बीना रिफाइनरी के आस पास अस्थायी निर्माण में बाहर से आकर रह रहे व्यक्तियों पर सतत् निगरानी व वेरिफिकेशन के थाना प्रभारी अगसोद को निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी आगासौद को रिफाइनरी के बाहर संचालित दुकानों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग कर सुव्यवस्थित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही शराब दुकान के बाहर अथवा आसपास किसी भी व्यक्ति द्वारा बैठकर शराब का सेवन किए जाने की स्थिति में जीरो टॉलरेंस अपनाते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं को रोका जा सके।
सुरक्षा बलों के आवासीय स्थलों एवं श्रमिकों के सत्यापन पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने रिफाइनरी परिसर एवं आसपास सुरक्षा बलों के ठहरने के स्थानों तथा श्रमिकों के आवासीय क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। सुरक्षा बलों के जवानों के आवासीय स्थलों की व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त रिफाइनरी परिसर के भीतर बैरकों में निवासरत श्रमिकों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों का समुचित सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
समन्वय, सतर्कता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिफाइनरी जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठान की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। पुलिस, रिफाइनरी प्रबंधन एवं सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए नियमित निगरानी, प्रभावी पेट्रोलिंग तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
सागर पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, सुव्यवस्थित कानून-व्यवस्था एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें