बंडा में दूषित शराब से तबीयत बिगड़ने की घटना पर सरकार गंभीर, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: हीरा सिंह राजपूत


सागर । बंडा क्षेत्र में दूषित शराब के सेवन के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की दुखद घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सकों से चर्चा कर भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की स्थिति एवं उन्हें दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि पीड़ितों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
मुख्यमंत्री और मंत्री पूरे मामले पर बनाए हुए हैं नजर
हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि बंडा की घटना अत्यंत दुखद और गंभीर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। सरकार द्वारा घटना की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और पीड़ितों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शराब के सेवन के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। लगभग 10 से 12 लोगों की मृत्यु की जानकारी सामने आई है। उन सभी लोगांे के साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। 
दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरकार पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। घटना के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सरकार द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध या अमानक शराब की आपूर्ति सहित मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि मामले में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। सरकार की स्पष्ट मंशा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार
हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार की लगातार निगरानी की जा रही है और उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दिवंगत नागरिकों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। साथ ही उन्होंने पीड़ितों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पीड़ित को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और घटना के जिम्मेदार लोगों तक पहुंचकर उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करना है। पूरे मामले की जांच पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ की जा रही है। इस अवसर पर भाजपा जिलाअध्यक्ष श्याम तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता डाॅ.वीरेंद्र पाठक, हरिराम सिंह, देवेंद्र फुसकेले, जगन्नाथ गुरैया, देवेंद्र सोनी, विक्रम सोनी आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने