सागर। राजघाट रोड स्थित सनराईस रेसीडेंसी कॉलोनी में आयोजित सार्वजनिक गणेशोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहित करने वाले विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कॉलोनीवासी, स्थानीय नागरिक और बच्चे उत्साहपूर्वक इन आयोजनों में सहभागिता कर रहे हैं। गणेशोत्सव के अंतर्गत परिवारों के समूहों द्वारा भजन, श्लोक एवं चौपाइयों की अंत्याक्षरी, बच्चों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित क्विज, फैंसी ड्रेस तथा धर्म कथाओं पर आधारित नृत्य, गीत और लघु नाटकों की प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने सराहा।
कार्यक्रमों में शिवांजय तिवारी, धैर्य शर्मा, धार्वी शर्मा, पूर्वेश सक्सेना, दिशिका परिहार, दीपिका नापित, कृष्णवी पाटीदार, शिवन्या वर्मा, आदि शर्मा, आरना चौरसिया, अनिका गुप्ता, अवनीश सराफ, श्रेयस सराफ, आरव राय, शिवेश सक्सेना, भारती परिहार, ओजित चौरसिया, एलिना धाकड़, अवनी पटधान अंशिका त्रिपाठी एवं अर्णवी अग्रवाल सहित अन्य बच्चों ने सहभागिता की।
आयोजन समिति की ओर से सहभागी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही उन्हें उपहार स्वरूप मिट्टी के गुल्लक भेंट किए गए। चिल्ड्रन बैंक के नाम से दिए गुल्लकों के माध्यम से बच्चों को छोटी-छोटी बचत की आदत विकसित करने, मितव्ययता अपनाने तथा भविष्य के लिए बचत के महत्व का प्रेरक संदेश दिया गया।
मिट्टी के गुल्लक भेंट करने की पहल के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने और पारंपरिक मिट्टी के उत्पादों के उपयोग का संदेश भी दिया गया। साथ ही मिट्टी के सामान बनाने वाले कारीगरों तथा उनके परिवारों की आजीविका में सहयोग करने और स्थानीय हस्तशिल्प को प्रोत्साहन देने की भावना बच्चों में विकसित करने का प्रयास किया गया।
आयोजकों के अनुसार गणेशोत्सव के धार्मिक आयोजनों के साथ बच्चों की प्रतिभा को मंच देना तथा उनमें संस्कार, रचनात्मकता, बचत की आदत और सामाजिक एवं पर्यावरणीय जागरूकता विकसित करना इन कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य है।


एक टिप्पणी भेजें